कटिहार जिले के फलका प्रखंड अंतर्गत पोठिया थाना क्षेत्र में नवरात्र के पहले दिन भीषण सड़क हादसा हुआ है। स्टेट हाइवे-77 पर दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर।

 कटिहार। फलका प्रखंड के पोठिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। नवरात्र के पावन पर्व के पहले दिन स्टेट हाइवे-77 पर नरहैया पेट्रोल पंप के पास बलखावा मोड़ के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में नवरात्र की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

पेट्रोल भराने जा रहे थे दोनों

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पोठिया निवासी 19 वर्षीय आशीष कुमार यादव अपने 18 वर्षीय दोस्त सुमित कुमार यादव के साथ बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए नरहैया पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान स्टेट हाइवे-77 पर बलखावा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक (मछली व्यवसायी की गाड़ी) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और आशीष व सुमित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस अप्रत्याशित घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया है।

थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पीड़ित परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

.................................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822