खगड़िया के मानसी में एनएच-31 पर ईंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो सवार दो लोगों की मौत, दो घायल। दाह संस्कार से लौट रहे थे सभी ग्रामीण।
खगड़िया। जिले के मानसी थाना क्षेत्र के पूर्वी ठाठा गांव के पास नेशनल हाईवे (NH) 31 पर शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईंट लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने यात्रियों से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में टेंपो सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
दाह संस्कार से लौट रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के बेला नौवाद पंचायत अंतर्गत मुरासी गांव निवासी सोनेलाल सिंह का निधन हो गया था। उनके दाह संस्कार के लिए गांव के लोग मानसी के गंडक घाट गए थे। दाह संस्कार संपन्न होने के बाद सभी लोग शुक्रवार की रात टेंपो से अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी पूर्वी ठाठा के पास यह खौफनाक हादसा हुआ।
दूसरे की इलाज के दौरान मौत
इस टक्कर में मुरासी गांव निवासी 60 वर्षीय उपेन्द्र पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय प्रमानंद सिंह को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें बेगूसराय रेफर कर दिया। बेगूसराय ले जाने के क्रम में रास्ते में ही देर रात प्रमानंद सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में घायल हुए मृतक के परिजन सूरज कुमार और रविंद्र सिंह का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल, खगड़िया में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। एक साथ दो लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और छानबीन कर रही है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822