एसआईटी (एसआईटी) ने फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेज बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना को पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान से गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर विस्तार से
किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले की पुलिस को जाली दस्तावेजों और फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26 के तहत गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना को पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी 18 सितंबर को की गई।
किशनगंज पुलिस द्वारा शनिवार की रात जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान 24 वर्षीय स्वप्नमय अधिकारी के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले के रैना थाना अंतर्गत नारायणपुर गांव का रहने वाला है। यह आरोपी काफी समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था और अपनी गतिविधियों को छिपाकर फरार था। एसआईटी की टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर रैना थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे धर दबोचा।
किशनगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस गिरोह का खुलासा बीते 2 अप्रैल 2026 को हुआ था। उस दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि किशनगंज के सीमावर्ती इलाकों में भोले-भाले लोगों को निशाना बनाकर उनके फर्जी कागजात, जाली प्रमाण पत्र और अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं।
जब पुलिस ने उस समय छापेमारी की थी, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए थे। जांच में सामने आया था कि यह गिरोह फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए अवैध सॉफ्टवेयर और क्लोन बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहा था।
इस मामले में टेढ़ागाछ थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं और आईटी (IT) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार इस नेटवर्क को तोड़ने और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस अवैध सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और उनके नेटवर्क का भी जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822