नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बीमारी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।


सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में दीपके ने कहा कि चिकित्सकों की सलाह के अनुसार वह उपचार ले रहे हैं, लेकिन आंदोलन अपने तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। उन्होंने अपने समर्थकों से आंदोलन को पहले की तरह जारी रखने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाने की अपील की।


दीपके ने कहा कि उनकी खराब सेहत आंदोलन की रफ्तार को धीमा नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़ा अभियान है। इसलिए वह स्वयं भले ही इलाज करा रहे हों, लेकिन आंदोलन लगातार चलता रहेगा।


गौरतलब है कि अभिजीत दीपके पिछले एक महीने से अधिक समय से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल के दिनों में उनकी तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। अब उन्होंने स्वयं बताया है कि उन्हें टाइफाइड की पुष्टि हुई है और उनका उपचार जारी है। बावजूद इसके उन्होंने आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया है।