मधुपुर के कुशमाहा निवासी सूबेदार अरविंद झा को बैकुंठ धाम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मंत्री हफीजुल हसन ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी।
कंचन क्रांति रिपोर्टर, मधुपुर।
"जब तक सूरज-चाँद रहेगा, अरविंद झा का नाम रहेगा" और "भारत माता की जय" के गगनभेदी जयकारों के बीच माँ भारती के वीर सपूत सूबेदार अरविंद झा का पार्थिव शरीर जैसे ही मधुपुर पहुँचा, पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के जज्बे और अश्रुपूरित आँखों से सराबोर हो उठा। देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले इस अमर शहीद के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
बताया गया कि मधुपुर शहर के कुशमाहा निवासी सूबेदार अरविंद झा का मेरठ में एक असामयिक सड़क हादसे में दुखद निधन हो गया था। पार्थिव शरीर दिल्ली से कोलकाता और फिर सड़क मार्ग से होते हुए दोपहर करीब 3:00 बजे मधुपुर की पावन धरा पर लाया गया। शहीद के पहुँचते ही हर ओर केवल "जय हिंद" और "वीर शहीद अमर रहें" के नारे गूँजने लगे। क्या बच्चे, क्या बुजुर्ग और क्या युवा—तमाम मधुपुर वासियों ने नम आँखों से इस ऐतिहासिक व भावुक क्षण का साक्षी बनकर अपने लाडले शहीद को अंतिम नमन किया।
तत्पश्चात, मधुपुर स्थित बैकुंठ धाम में भारतीय सेना के जवानों द्वारा पूर्ण राजकीय सम्मान और सैन्य परंपराओं के साथ अमर शहीद सूबेदार अरविंद झा को अंतिम विदाई दी गई। सेना की टुकड़ी ने मातमी धुन बजाकर और राइफलों से सलामी देकर अपने जांबाज साथी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। देश के प्रति सूबेदार अरविंद झा का यह अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान इतिहास में अमर रहेगा।
स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन ने जताया गहरा शोक
मधुपुर विधायक सह कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के माध्यम से गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत वीर जवान की शहादत व समर्पण को सलाम किया।
मंत्री जी ने अपने सोशल मीडिया संदेश के जरिए देशसेवा में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए लिखा: मधुपुर शहर के कुशमाहा निवासी एवं भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर कार्यरत स्वर्गीय अरविंद झा जी का मेरठ में सड़क दुर्घटना में हुए असामयिक निधन का दुखद समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मातृभूमि की सेवा में समर्पित एक वीर सैनिक का इस प्रकार असमय हमसे बिछड़ जाना पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने आगे कहा कि अदम्य साहस और देशभक्ति के प्रतीक सूबेदार अरविंद झा जी का असमय चले जाना पूरे मधुपुर क्षेत्र के लिए वज्राघात है।
ईश्वर से प्रार्थना करते हुए मंत्री जी ने लिखा: ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
माननीय मंत्री हफीजुल हसन ने स्पष्ट किया कि इस कठिन घड़ी में वे और पूरा मधुपुर क्षेत्र शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
.................................................................................................
शहीद सूबेदार अरविंद झा, मधुपुर न्यूज़, देवघर समाचार, हफीजुल हसन, बैकुंठ धाम मधुपुर, कुशमाहा मधुपुर, इंडियन आर्मी सूबेदार अरविंद झा, राजकीय सम्मान अंतिम विदाई