बिहार के आरा जंक्शन पर रविवार तड़के महानंदा एक्सप्रेस का इंजन और दो डिब्बे पटरी से उतर गए। सिग्नल की तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेन सासाराम लाइन की ओर मुड़ गई थी। हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है।
पटना। बिहार के आरा जंक्शन पर रविवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। अलीपुरद्वार जंक्शन से दिल्ली जा रही 15483 अप महानंदा एक्सप्रेस का इंजन और दो कोच (एसएलआर और एच-1) पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर और ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे सूत्रों के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस सुबह लगभग 4:15 बजे आरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन के रास्ते दिल्ली की ओर रवाना होना था। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ी, कुछ ही दूरी पर उसका इंजन और दो डिब्बे ट्रैक से नीचे उतर गए। अचानक लगे तेज झटकों से सो रहे यात्री घबराकर उठ गए और कोच में चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण सिग्नल में आई तकनीकी गड़बड़ी को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि सिग्नल की खराबी की वजह से ट्रेन अपने तय ट्रैक के बजाय सासाराम लाइन की ओर मुड़ गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी इस बिंदु की गहराई से जांच कर रहे हैं कि सिग्नल गलत दिशा में कैसे सेट हुआ और ट्रेन गलत ट्रैक पर कैसे चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम, राहत ट्रेन (ART) और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। लगभग ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पटरी से उतरे इंजन और दोनों कोचों को दोबारा री-रेल (ट्रैक पर वापस) कर लिया गया।
इस हादसे के कारण अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ है। रेलवे की तकनीकी और सिग्नलिंग टीमें ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की गहन जांच कर रही हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के सटीक कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल युद्धस्तर पर काम कर अप लाइन पर रेल परिचालन को पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822