जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन के पास तड़के एक SUV सुरक्षा नाका तोड़कर भाग निकली। पुलिस की गोलीबारी के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस की तलाश जारी।


बनिहाल/जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले में शुक्रवार तड़के एक संदिग्ध SUV चालक सुरक्षा नाका तोड़कर भाग निकला। संदिग्ध गतिविधि देखते ही सुरक्षाकर्मियों ने वाहन पर गोलियां चला दीं। इसके बाद चालक थोड़ी दूरी पर गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।


अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह लगभग 3:30 बजे हुई, जब यह SUV श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी। रामबन के चंद्रकोट सुरक्षा नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गति धीमी करने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड्स को चकमा देकर निकल गया।


चालक द्वारा गाड़ी न रोकने पर नाके पर तैनात जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन पर फायर किया। कुछ दूरी पर जाकर चालक ने गाड़ी को सड़क किनारे छोड़ दिया और फरार हो गया।


पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर चालक की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। गाड़ी के रजिस्ट्रेशन और उसमें सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।