दो आभूषण व्यवसायी भाइयों को गोली मारकर जख्मी करने वाले वांछित अपराधी दीपक सिंह को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ढाई साल से फरार चल रहा था। पढ़ें पूरी खबर।


मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बहुचर्चित आभूषण व्यवसायी गोलीकांड के मामले में एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सरैया थाना क्षेत्र में लूट के दौरान दो सगे आभूषण व्यवसायियों को गोली मारकर जख्मी करने के मामले में पिछले ढाई साल से फरार चल रहे वांटेड अपराधी दीपक सिंह को एसटीएफ की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी साहेबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा निजामत गांव का रहने वाला है।

घटना 23 जनवरी 2024 की है। सरैया बाजार स्थित अपनी आभूषण दुकान बंद करके दोनों भाई—संतोष कुमार और धीरज कुमार बाइक से अपने घर (बड़ा दाउद गांव) लौट रहे थे। इसी दौरान, सरैया के मानिकपुर मोड़ से कुछ दूरी पर वैशाली रोड में नहर पुलिया के पास दो बाइकों पर सवार चार अपराधियों ने उनका पीछा किया। लूट के प्रयास में असफल होने पर बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

इस गोलीबारी में एक गोली संतोष कुमार की पीठ में और दूसरी गोली धीरज कुमार के गाल में जा लगी। गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद दोनों भाइयों ने सड़क किनारे एक घर में छिपकर अपनी जान बचाई थी।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस अनुसंधान में दीपक सिंह की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह लगातार पुलिस की पकड़ से बचता फिर रहा था। एसटीएफ की विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वांटेड दीपक अपने गृह क्षेत्र के आसपास छिपा हुआ है। इसी इनपुट के आधार पर सोमवार की रात एसटीएफ ने साहेबगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार दीपक सिंह शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर जिले के पारू और सरैया थानों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे सरैया थाना पुलिस के हवाले कर दिया है, जहां आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822