कोडरमा के सतगावां में IB और पुलिस ने अलसुबह छापेमारी कर दो संदिग्धों के घर से लैपटॉप, टैब और हथियार जैसी वस्तुएं बरामद कीं। एसपी कुमार शिवाशीष करेंगे खुलासा।


कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड में केंद्रीय खुफिया एजेंसी (IB) और स्थानीय पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच IB और पुलिस की संयुक्त टीम हिरासत में लिए गए दो आरोपियों को लेकर सतगावां स्थित उनके गांव पहुंची और गहन तलाशी ली।


छापेमारी के दौरान टीम ने आरोपियों के ठिकानों से इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और संदिग्ध वस्तुएं बरामद की हैं, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।


लैपटॉप, टैब और थैले में भरा सामान जब्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुफिया विभाग की टीम हिरासत में लिए गए जहांगीर अंसारी को साथ लेकर उसके घर पहुंची थी। तलाशी के दौरान जहांगीर के घर से एक लैपटॉप, एक टैब, हथियार जैसी संदिग्ध वस्तु बरामद हुआ है।

इसके अलावा, टीम हिरासत में ली गई दूसरी आरोपी मुस्कान परवीन के घर भी पहुंची, जहां से थैले में भरा हुआ कुछ अन्य सामान जब्त किया गया है। बरामदगी के तुरंत बाद IB और पुलिस की टीम दोनों आरोपियों और जब्त सामान को लेकर किसी गुप्त ठिकाने पर रवाना हो गई।