गम्हरिया के पास टाटानगर-आसनसोल मेमू ट्रेन लाइन के टुकड़े से टकराने के बाद बाल-बाल बची। रेलवे ट्रैक पर लापरवाही के कारण हुए इस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।


जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया। गम्हरिया स्टेशन के समीप बृजराजपुर के पास रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे टाटानगर-आसनसोल मेमू ट्रेन रेलवे ट्रैक पर पड़े लोहे के एक टुकड़े से टकरा गई। गनीमत यह रही कि यह टुकड़ा ट्रेन के पहिये के नीचे नहीं आया, अन्यथा एक बड़ा भीषण हादसा हो सकता था और ट्रेन पटरी से उतरकर पलट सकती थी। इस घटना के बाद यात्रियों में भारी दहशत फैल गई।

रविवार सुबह साढ़े नौ बजे के बाद गम्हरिया और बृजराजपुर रेलवे स्टेशन के बीच टाटानगर स्टेशन से विलंब से रवाना हुई मेमू ट्रेन जब सरपट दौड़ रही थी, तब अचानक इंजन का जाली गार्ड ट्रैक पर रखे एक लोहे के टुकड़े से टकरा गया। जोरदार आवाज के बाद चालक दल ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी। जांच करने पर पता चला कि इंजन का आगे का गार्ड जाली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

ट्रेन अचानक बीच ट्रैक पर रुकने और कारण का पता चलने पर यात्री सहम गए। मरम्मत कार्य के चलते ट्रेन को आधे घंटे से अधिक समय तक खड़ा रहना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

रेलवे ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा मिलने और इस प्रकार की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय में हड़कंप मच गया। आरपीएफ के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे, स्थिति का जायजा लिया और ट्रैक पर मिले लोहे के टुकड़े को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद रेलवे तकनीशियनों की टीम ने इंजन की मरम्मत की।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ट्रैक पर चल रहे किसी कार्य के दौरान लापरवाही बरती गई और काम पूरा होने के बाद लोहे का टुकड़ा वहीं छोड़ दिया गया था। चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय ने इस पूरे मामले की कड़े स्तर पर जांच शुरू कर दी है। रेलवे पीडब्ल्यूआई (PWI) के मेट की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई किए जाने की तैयारी है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822