धनबाद के वासेपुर आर मोड़ के पास शनिवार देर रात 2:30 बजे एक फल, ड्राई फ्रूट और नमकीन दुकान में भीषण आग लग गई। दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दुकान मालिक ने असामाजिक तत्वों पर आग लगाने का आरोप लगाया है।
धनबाद। वासेपुर के आर मोड़ के पास शनिवार की देर रात लगभग 2:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फल, ड्राई फ्रूट और नमकीन की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से उठती ऊंण्चीयृ लपटों को देख आसपास के लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) और पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। समय पर आग बुझा लिए जाने के कारण आसपास की अन्य दुकानें और रिहायशी मकान इसकी चपेट में आने से बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखे फल, ड्राई फ्रूट्स, नमकीन और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गए, जिससे दुकान मालिक को भारी नुकसान पहुंचा है।
दुकान मालिक वसीम खान ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। वसीम खान का कहना है कि यह कोई प्राकृतिक या शॉर्ट सर्किट से हुई दुर्घटना नहीं है, बल्कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा रंजिश के तहत जानबूझकर दुकान में आग लगाई गई है।
पीड़ित दुकान मालिक वसीम खान ने घटना के संबंध में बैंक मोड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि देर रात दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822