धनबाद की प्रसिद्ध लेखिका डॉ. मीतू सिन्हा को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'नेशनल आइकॉन अवार्ड' से सम्मानित किया गया। जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने उन्हें यह पुरस्कार साहित्य और संस्कृति में योगदान के लिए दिया
धनबाद। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में भारतीय युवा वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में धनबाद की प्रख्यात लेखिका डॉ. मीतू सिन्हा को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए 'नेशनल आइकॉन अवार्ड' से सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें जल शक्ति मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. मीतू सिन्हा को यह पुरस्कार मुख्य रूप से साहित्य, संस्कृति और समाज निर्माण के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक और सराहनीय योगदान के लिए दिया गया है।
डॉ. मीतू सिन्हा लगातार भारतीय सनातन संस्कृति की थाती विशेषकर रामायण, महाभारत और विभिन्न पुराणों पर अपनी लेखनी के माध्यम से अमूल्य योगदान दे रही हैं। उनके लेखन ने पौराणिक कथाओं और जीवन मूल्यों को आधुनिक पाठकों तक सहज रूप से पहुंचाने का काम किया है। उनकी इस साहित्यिक साधना के लिए उन्हें पहले भी कई राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर के सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
इस राष्ट्रीय गरिमामयी कार्यक्रम में देश और समाज के कई दिग्गज राजनेता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से श्री जगदम्बिका पाल (पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश एवं सांसद), श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल (सांसद, महाराजगंज),
श्री प्रवेश रतन (विधायक), श्री मोहित नारायण शामिल हैं।
समारोह के दौरान देश के अलग-अलग और पृथक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चुनिंदा लोगों को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. मीतू सिन्हा को यह सम्मान मिलने से पूरे धनबाद जिले और झारखंड प्रदेश के साहित्य प्रेमियों एवं बुद्धिजीवियों में हर्ष और गर्व का माहौल है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822