ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर की मौत और एक दर्जन घायल हो गए। सभी मजदूर छत ढलाई का काम कर लौट रहे थे। पूरी खबर पढ़ें
गढ़वा। चिनिया थाना क्षेत्र के पाल्हे गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के समय सभी मजदूर बेता गांव में छत ढलाई का काम खत्म कर ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पाल्हे गांव के ये सभी मजदूर बेता गांव में एक घर की छत ढलाई (लेंटर) का काम करने गए थे। दिनभर कड़ी मेहनत करने के बाद सभी मजदूर रात में ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने गांव पाल्हे वापस लौट रहे थे। अभी ट्रैक्टर सिधवा दामर मोड़ के पास ही पहुंचा था कि अचानक वह दुर्घटना का शिकार होकर पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल हुए 28 वर्षीय मिट्ठू कोरवा ने अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए अन्य मजदूरों में धर्म कोरवा, गजेरू कोरवा, गीता कुमारी, पनबर्षी देवी, सीठू कोरवा और दुबराज कोरवा समेत लगभग 12 लोग शामिल हैं। इनमें से दो घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। रात का समय होने के कारण शुरुआत में सभी घायलों की सटीक संख्या और उनकी पहचान सामने नहीं आ सकी थी।
घटना के बाद से स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा जोरों पर है कि ट्रैक्टर का चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था, जिसके कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और यह हादसा हो गया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही चिनिया थाना प्रभारी शेखर कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन और राहत कार्यों में जुटी हुई थी। प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822