चास थाना क्षेत्र के शिव शक्ति नगर में चायपत्ती बेचने के बहाने घुसे बदमाशों ने महिला को केमिकल सुंघाकर बेहोश कर दिया और तीन लाख रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हो गए।



बोकारो। चास थाना क्षेत्र के शिव शक्ति नगर (वार्ड संख्या 17, नाला रोड) में बदमाशों के दुस्साहस का एक बड़ा मामला सामने आया है। सोमवार को चायपत्ती बेचने के बहाने दो अज्ञात बदमाश एक घर में दाखिल हुए और गृहस्वामिनी को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने के बाद करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात समेटकर फरार हो गए।


पीड़ित गृहस्वामिनी हीरामणि देवी ने घटना की आपबीती सुनाते हुए बताया कि दो युवक उनके घर चायपत्ती बेचने के इरादे से आए थे। हीरामणि देवी के पति को कम सुनाई देता है, जिसका फायदा उठाते हुए एक बदमाश उन्हें दूसरे कमरे में ले जाकर बातों में उलझाए रखा। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने मौका पाकर हीरामणि देवी के पास पहुंचकर उन्हें केमिकल लगा रुमाल सुंघा दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गईं।


महिला के अचेत होते ही बदमाशों ने उनके गले, कान और नाक में पहने सोने के जेवर उतार लिए और आसानी से चंपत हो गए। घटना दोपहर की है, लेकिन महिला को शाम के समय होश आया। होश में आने के बाद जब उन्होंने अपने जेवर गायब देखे, तब अपने पति और आसपास के पड़ोसियों को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए जेवरों की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये है।


दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद से शिव शक्ति नगर और नाला रोड इलाके के निवासियों में डर और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।


पुलिस की टीम स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और बदमाशों के आने-जाने के रास्ते का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822