प्रतीकात्मक फोटो
लखीसराय के पिपरिया में दियारा से लौट रही नाव तेज धार में अनियंत्रित होकर हाई-टेंशन बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में 11 हजार वोल्ट के करंट से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
लखीसराय । जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। पिपरिया दियारा से कन्हाईपुर लौट रही एक नाव तेज धार में अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली के पोल से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में नाव पर सवार एक व्यक्ति को जान गंवानी पड़ी, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान कन्हाईपुर गांव निवासी 46 वर्षीय भूषण सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिपरिया दियारा इलाके में बाढ़ का पानी भर जाने के कारण स्थानीय लोग नाव के जरिए ही आवाजाही कर रहे थे। सोमवार रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच कुछ लोग डिह पिपरिया से कन्हाईपुर अपने घर लौटने के लिए नाव पर सवार हुए थे।

सदर अस्पताल में घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन
नदी और बाढ़ के पानी की तेज धार के कारण नाव अचानक अनियंत्रित होने लगी। नाव को संभालने और रोकने के लिए नाविक ने बांस का सहारा लिया। पानी से भीगे बांस को जैसे ही सहारा देने के लिए उठाया गया, वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट (हाई टेंशन) के नंगे तारों से जा टकराया।
बांस के गीला होने के कारण उसमें तुरंत 11,000 वोल्ट का हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। नाविक को बिजली का जोरदार झटका लगते ही नाव पूरी तरह से बेकाबू हो गई और सीधे बिजली के पोल से जा टकराई। पोल और तार से संपर्क में आने से नाव पर सवार तीन लोग भूषण सिंह, गोपाल कुमार और राहुल कुमार करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। भूषण सिंह की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें देर रात करीब 2 बजे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचते-पहुंचते भूषण सिंह ने दम तोड़ दिया। अस्पताल के ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. निशांत कुमार ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों गोपाल कुमार और राहुल कुमार को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक भूषण सिंह के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दियारा क्षेत्र में बाढ़ के खतरे के बीच हुए इस हादसे से पूरे कन्हाईपुर गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822