पटना जिले के मोकामा में बख्तियारपुर-औंटा फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार क्रेटा कार डिवाइडर से टकराने के कारण दंपती और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मोकामा। पटना जिले के मोकामा में मंगलवार की सुबह बख्तियारपुर-औंटा फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कार सवार दंपती और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार क्रेटा कार डिवाइडर से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे शिवनार गांव के पास हुई। खगड़िया जिले के निवासी दंपती पटना से अपने घर लौट रहे थे। कार को सदरे आलम चला रहे थे। शिवनार गांव के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। चालक का शव गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गया था। हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिलने पर मोकामा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोकामा ट्रॉमा सेंटर भेज दिया है। चालक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान की गई और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि सुबह के समय चालक को झपकी आ जाने के कारण कार से नियंत्रण खो गया और यह दुर्घटना घटी। पुलिस हादसे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822