भागलपुर के अकबरनगर स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पढ़ें पूरी विस्तृत खबर।



भागलपुर। अकबरनगर रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को एक भीषण और दर्दनाक हादसा घटित हुआ। स्टेशन की ओर जा रहे एक ही परिवार के तीन लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार भागलपुर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने के उद्देश्य से अकबरनगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। वे डाउन लाइन की पटरी पर पैदल स्टेशन की तरफ बढ़ रहे थे। उसी दौरान पीछे से आ रही देवघर मेमू एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।


हादसे के वक्त अप लाइन से जमालपुर की ओर एक मालगाड़ी भी गुजर रही थी। दोनों तरफ से एक साथ ट्रेन आने के कारण पीड़ितों को संभलने या पटरी से हटने का मौका नहीं मिल सका। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला और पुरुष की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ कर्मी पालस कुमार हालदार ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल बच्चे को अपनी गोद में उठाया और तत्काल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है और चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं।


रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की तात्कालिक पहचान नहीं हो सकी है; पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।


वहीं, इस दुखद घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि हादसे के तत्काल बाद पुलिसिया कार्रवाई, मृतकों की पहचान और घायल बच्चे को प्राथमिक सहायता मिलना बेहद जरूरी था। ऐसे संवेदनशील समय में आपातकालीन सेवा 'डायल 112' की टीम के मौके पर आकर वापस लौट जाने से स्थानीय ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है और लोग पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822