बिहार में मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना 2026 का शुभारंभ। जमुई के सभी 10 प्रखंडों में 17 अक्टूबर तक विशेष सोलर कैंप। सोलर पैनल पर पाएं 98,000 रुपये तक का भारी अनुदान। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
कंचन क्रांति न्यूज, जमुई
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा संपूर्ण बिहार राज्य के लिए बहुप्रतीक्षित 'मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना 2026' का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता (विद्युत प्रमंडल, जमुई) ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहने वाली यह महत्वाकांक्षी योजना आम नागरिकों को स्वच्छ, सस्ती और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने तथा पारंपरिक बिजली पर निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इस योजना के तहत केंद्र सरकार की 'PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के साथ सामंजस्य बिठाते हुए राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जा रही है:
1 किलोवाट क्षमता: केंद्र सरकार से 30,000 रुपये + राज्य सरकार से 10,000 रुपये = कुल 40,000 रुपये का अनुदान।
2 किलोवाट क्षमता: केंद्र सरकार से 60,000 रुपये + राज्य सरकार से 20,000 रुपये = कुल 80,000 रुपये का अनुदान।
3 किलोवाट या अधिक क्षमता: केंद्र सरकार से 78,000 रुपये + राज्य सरकार से 20,000 रुपये = कुल अधिकतम 98,000 रुपये तक का अनुदान।
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जमुई द्वारा अब तक जिले में लगभग 162 घरों की छतों पर सोलर पैनल सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा, यूएलए (ULA) मॉडल के अंतर्गत जिले के कुल 8,736 बीपीएल (BPL) परिवारों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष अब तक 5,024 घरों में स्ट्रक्चर निर्माण और 1,886 घरों में सोलर पैनल लगाने का कार्य पूरा हो चुका है।
17 अक्टूबर तक लगेंगे विशेष शिविर (Special Camps)
योजना का लाभ जिले के हर नागरिक तक पहुँचाने के लिए जमुई के सभी 10 प्रखंडों में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक विशेष जागरूकता सह पंजीकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ ऑन-द-स्पॉट आवेदन की सुविधा भी दी जा रही है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाएं और अपने घरों में सोलर सिस्टम लगवाकर बिजली बिल से हमेशा के लिए राहत पाएं।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822