मुजफ्फरपुर में बनेगा आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय। सीएम सम्राट चौधरी ने 1047 करोड़ की 982 योजनाओं की दी सौगात, सिकंदरपुर लेक फ्रंट का भी किया उद्घाटन। पूरी रिपोर्ट कंचन क्रांति पर।
ब्यूरो रिपोर्ट, कंचन क्रांति, पटना/मुजफ्फरपुर।
उत्तर बिहार की व्यावसायिक राजधानी मुजफ्फरपुर अब विकास के एक नए युग में प्रवेश कर चुकी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर को तकनीकी शिक्षा का बड़ा हब बनाने की घोषणा करते हुए कहा है कि मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी (MIT) परिसर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। यह विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का उत्कृष्ट केंद्र बनेगा और राज्य के युवाओं को विश्वस्तरीय अवसर प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने नगर विकास एवं आवास विभाग की 1047.09 करोड़ रुपये की कुल 982 विकास योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण और उद्घाटन किया। एमआईटी मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 673 योजनाओं का उद्घाटन तथा 309 योजनाओं का शिल्लान्यास किया गया।
सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण, शहर को मिली नई पहचान
कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक 213.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण रहा। मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद खुद इस लेक फ्रंट का निरीक्षण किया। आकर्षक फव्वारों, आधुनिक लाइटिंग और शानदार कलाकृतियों से सजे इस परिसर को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लेक फ्रंट के शुरू होने से मुजफ्फरपुर को एक बेहद खूबसूरत और नई पहचान मिली है। उन्होंने अधिकारियों को परिसर में हमेशा पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुजफ्फरपुर के लिए 4 बड़े कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स:
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर को केंद्र में रखकर कई युगांतकारी घोषणाएं कीं:
तिरहुत टाउनशिप: राज्य में विकसित होने वाले 12 नए अत्याधुनिक टाउनशिप में से एक 'तिरहुत टाउनशिप' मुजफ्फरपुर में बनेगा।
मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट: मुजफ्फरपुर हवाई अड्डे के निर्माण का जमीनी कार्य बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है।
पटना-मुजफ्फरपुर रैपिड रेल: इस हाई-स्पीड रैपिड रेल कॉरिडोर के बनने से पटना और मुजफ्फरपुर के बीच का सफर महज 40 मिनट का रह जाएगा।
हल्दिया-रक्सौल हाईवे: इस नए एक्सप्रेसवे के निर्माण से मुजफ्फरपुर से कोलकाता की दूरी सिमट जाएगी और लोग केवल 6 घंटे में कोलकाता पहुंच सकेंगे, जिससे व्यापार को नई गति मिलेगी।
सीतामढ़ी में बनेगा माता सीता का भव्य मंदिर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विशेष रूप से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया कि उनके प्रयासों से सीतामढ़ी में माता सीता के भव्य और ऐतिहासिक मंदिर का निर्माण किया जा रहा है।
गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और किसानों के लिए बड़े ऐलान
1 करोड़ नए राशन कार्ड: कोई भी गरीब अनाज से वंचित न रहे, इसके लिए छूटे हुए पात्र परिवारों को चिन्हित कर करीब 1 करोड़ नए परिवारों को राशन कार्ड से जोड़ा जाएगा।
किसानों को 12 घंटे बिजली: खेती को बढ़ावा देने के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक किसानों को सिंचाई के लिए लगातार 12 घंटे निर्बाध बिजली मिलेगी।
जीविका दीदियों को संबल: 1 करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों के खातों में स्वरोजगार के लिए राशि भेजी गई है। सरकार के 100 दिन पूरे होने पर बाकी बची दीदियों को भी राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस: 'सहयोग शिविर' के माध्यम से अब तक 5 लाख जन-समस्याओं का निपटारा किया जा चुका है। जो लोग असंतुष्ट हैं, उनकी शिकायतों की सुनवाई हर महीने के दूसरे मंगलवार को सीधे मुख्यमंत्री स्तर पर पटना में होगी।
इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा सहित सरकार के कई मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे।
………………………………………………………………………………..
मुजफ्फरपुर आर्किटेक्चर यूनिवर्सिटी, सम्राट चौधरी मुजफ्फरपुर दौरा, सिकंदरपुर लेक फ्रंट लोकार्पण, तिरहुत टाउनशिप मुजफ्फरपुर, पटना मुजफ्फरपुर रैपिड रेल, हल्दिया रक्सौल हाईवे कोलकाता, बिहार नगर विकास योजनाएं, कंचन क्रांति समाचार, Samrat Choudhary Muzaffarpur News.
