श्रावणी मेले के दौरान सरासनी में भाजपा समर्थित 'नमो सेवा शिविर' शुरू। सांसद निशिकांत दुबे ने उद्घाटन के दौरान विकास कार्यों और सेवा शिविर के उद्देश्यों पर अपनी बात रखी।
तरुण कुमार कंचन, देवघर।
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दूसरे दिन शुक्रवार रात सुल्तानगंज-देवघर कांवरिया मार्ग स्थित सरासनी में नमो सेवा शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।
उद्घाटन के दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि सेवा ही संगठन के सिद्धांत पर काम करना है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में बीते वर्षों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं और इन्हीं योजनाओं से प्रेरित होकर कांवरियों की सुविधा के लिए इस शिविर की शुरुआत की गई है।
सांसद ने घोषणा की कि मेले के दौरान प्रत्येक शनिवार और रविवार को खुद उनके अलावा कई अन्य सांसद और विधायक कांवरियों की सेवा के लिए शिविर में मौजूद रहेंगे। निशिकांत दुबे ने बताया कि वे इससे भी बड़ा पंडाल बनाना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा बलों के आवासन (स्टे) के लिए जगह दिए जाने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।
शिविर आयोजकों के अनुसार यहाँ शिवभक्तों के ठहरने, भोजन, नि:शुल्क चिकित्सा और स्वच्छता का प्रबंध किया गया है।
कार्यक्रम में सांसद की धर्मपत्नी अनुकांत दुबे, गोड्डा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, देवघर जिलाध्यक्ष सचिन रवानी सहित कई स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित थे।
...............................................................................
नमो सेवा शिविर देवघर, निशिकांत दुबे, श्रावणी मेला 2026, देवघर कांवरिया पथ, भाजपा सेवा ही संगठन, Nishikant Dubey Deoghar, Sravani Mela News, Deoghar Hindi News
