रांची के वरिष्ठ साहित्यकार निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव को साहित्य में योगदान के लिए पटना में कविवर सत्यनारायण सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। समारोह में ‘दूसरी आवाज’ पत्रिका का लोकार्पण भी हुआ।
कंचन क्रांति न्यूज, रांची।
रांची के वरिष्ठ साहित्यकार निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव को साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘कविवर सत्यनारायण सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। बिहार राज्यगीत के रचयिता कविवर सत्यनारायण की स्मृति में प्रदान किया जाने वाला यह सम्मान मंगलवार को पटना में आयोजित एक समारोह में नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने प्रदान किया।
चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान की ओर से आयोजित इस समारोह में साहित्य, समाज और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 53 हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साहित्यिक पत्रिका ‘दूसरी आवाज’ का लोकार्पण भी किया गया। पत्रिका का संपादन हिमकर श्याम ने किया है।
समारोह में सांसद रविशंकर प्रसाद और विधान पार्षद डॉ. संजय मयूख सहित साहित्य, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा ने की। वहीं, चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान के प्रधान महासचिव कमल नयन श्रीवास्तव और राजेश राज ने संयुक्त रूप से मंच संचालन किया।

कार्यक्रम के दौरान भव्य सांस्कृतिक आयोजन भी हुआ, जिसने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। साहित्यकार निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव को सम्मानित किए जाने पर साहित्य जगत में प्रसन्नता व्यक्त की गई। यह सम्मान साहित्य के प्रति उनके योगदान और उनकी रचनात्मक साधना का महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है।
………………………………………………………………………………………..
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
