रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोबरदरहा में शुक्रवार सुबह सेल्फी लेने के चक्कर में हाथी के हमले से झारखंड हॉस्पिटल के कर्मचारी पुन्नू की मौके पर ही मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर।
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरदरहा से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार की सुबह जंगली हाथी के साथ सेल्फी लेने के प्रयास में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। हाथी ने युवक को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 10:00 बजे का है। बताया जा रहा है कि युवक हाथी के काफी करीब जाकर उसके साथ मोबाइल से सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान हाथी अचानक उग्र हो गया और उसने युवक पर हमला कर दिया। जब तक युवक वहां से भाग पाता, हाथी ने उसे अपने पैरों तले रौंद दिया।
मृतक की पहचान पुन्नू के रूप में हुई है, जो बोकारो जिले के महुआटांड़ का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह झारखंड हॉस्पिटल में कार्यरत था। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी देखकर लोग इकट्ठा हुए थे, लेकिन सेल्फी लेने की बेवकूफी युवक पर भारी पड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रामगढ़ पुलिस और जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद से ही गोबरदरहा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जंगली जानवरों के पास जाने या फोटो-वीडियो बनाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822