मधुपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी जसीडीह की संयुक्त कार्रवाई में 25 किलो गांजे (कीमत 12.5 लाख रुपये) के साथ ओडिशा का एक तस्कर गिरफ्तार। गांजा ओडिशा से बिहार ले जाया जा रहा था। पढ़ें पूरी खबर
मधुपुर । झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अपराध खुफिया शाखा (CIB) जसीडीह की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-2 से एक तस्कर को 25 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात सीआईबी (CIB) को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक संदिग्ध युवक भारी मात्रा में मादक पदार्थ (गांजा) लेकर किसी ट्रेन का इंतजार कर रहा है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर सीआईबी इंस्पेक्टर राजेश कुमार के नेतृत्व में एसआई एम. सिंह और आरपीएफ की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-2 की घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
पकड़े गए युवक की जब तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद एक ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग से कुल 11 अलग-अलग बंडलों में पैक किया हुआ 25 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और बैग को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय चंदन कुमार पुरुस्टी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के नयागढ़ जिले के पुरुस्टी क्षेत्र का रहने वाला है।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह इस गांजे की खेप को ओडिशा से लेकर चला था और मधुपुर के रास्ते इसे ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की फिराक में था। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण उसकी यह योजना विफल हो गई।
आरपीएफ ने गिरफ्तार आरोपी और बरामद गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मधुपुर रेल थाना (GRP) के सुपुर्द कर दिया है। जीआरपी ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
रेलवे सुरक्षा बलों का कहना है कि ट्रेनों और स्टेशनों के जरिए होने वाली अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और स्टेशनों पर निगरानी काफी बढ़ा दी गई है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822
