सुप्रीम कोर्ट से पहली पत्नी पायल से तलाक के तीन महीने बाद लिया बड़ा फैसला; विशेष विवाह अधिनियम के तहत शुक्रवार को हुई शादी, दोनों परिवारों के करीबी लोग रहे मौजूद
कंचन क्रांति न्यूज, नई दिल्ली।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। दोनों ने शुक्रवार को दिल्ली में विशेष विवाह अधिनियम (Special Marriage Act) के तहत विवाह किया। शनिवार को उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निधि राजदान के साथ अपनी तस्वीरें साझा कर इस नए रिश्ते की जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा, 'कल एक नई यात्रा शुरू हुई।' इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया। उनकी इस घोषणा के बाद राजनीतिक और मीडिया जगत में यह खबर चर्चा का विषय बन गई है।
56 वर्षीय उमर अब्दुल्ला और 49 वर्षीय निधि राजदान की शादी में दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी रिश्तेदार शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, श्रीनगर और नई दिल्ली में आयोजित समारोहों में परिवार के लोगों ने इस खास मौके पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। समारोह में उमर के पिता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, उनकी मां मौली अब्दुल्ला, तीनों बहनें और अन्य करीबी रिश्तेदार शामिल हुए। वहीं निधि राजदान के माता-पिता, वरिष्ठ पत्रकार एमके राजदान और सरला राजदान भी समारोह में मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट से जुलाई में हुआ था पहला विवाह समाप्त
उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उनका विवाह पायल अब्दुल्ला से हुआ था। दोनों के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। इस साल जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने आपसी सहमति और समझौते के आधार पर उमर और पायल के विवाह को समाप्त कर दिया था। दोनों लंबे समय से अलग रह रहे थे। इसके बाद उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत की है।
पत्रकारिता जगत का जाना-पहचाना नाम हैं निधि राजदान
निधि राजदान देश की जानी-मानी टेलीविजन पत्रकारों में शामिल हैं। वे लंबे समय तक एनडीटीवी से जुड़ी रहीं और वरिष्ठ पत्रकार एवं न्यूज एंकर के रूप में अपनी पहचान बनाई। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है। उमर अब्दुल्ला के साथ उनकी शादी की खबर सामने आने के बाद मीडिया और राजनीतिक हलकों में दोनों को बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया है।