एनएसएस और एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ कार्यक्रम; देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का दोहराया संकल्प

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को मगध महिला कॉलेज, पटना में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। इस दौरान उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के साथ राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए स्वयं को समर्पित रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

एनएसएस की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. ज्योति दुबे ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं, शिक्षकों और महाविद्यालय के कर्मचारियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। भारत सरकार और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की विविधता में एकता के महत्व से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे अपने आचरण और कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दें। आयोजन का समापन एक सशक्त, समरस और अखंड भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. ज्योति दुबे और एनसीसी की सीटीओ डॉ. कविता चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822