देवघर नगर निगम द्वारा 30 सितंबर 2026 तक आयोजित 30 दिवसीय लोक कल्याण मेला की पूरी जानकारी। जानें कैसे पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना के तहत 50000 तक का ऋण और डिजिटल क्रेडिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।


देवघर। देवघर नगर निगम द्वारा शहर के रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ विक्रेताओं के आर्थिक उत्थान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 1 से 30 सितंबर 2026 तक एक विशेष 30 दिवसीय लोक कल्याण मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह अनूठी पहल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और छोटे व्यापारियों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस मेले के सुचारू संचालन के लिए नगर आयुक्त महोदया के निर्देशन में एक विशेष कार्यदल का गठन किया गया है। यह विशेष दल नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में शिविर लगाकर पथ विक्रेताओं से सीधा संपर्क स्थापित कर रहा है।

शिविरों के माध्यम से विक्रेताओं को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उनके व्यवसाय के विस्तार के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रथम ऋण 15000, द्वितीय ऋण 25000 और तृतीय ऋण 50000 रुपए उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए गठित विशेष दल स्वयं बैंकों में उपस्थित रहकर दस्तावेजों का सत्यापन करवा रहा है और बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल ऋण स्वीकृति सुनिश्चित कर रहा है।

डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड प्राप्त करने में भी सक्रिय सहायता दी जा रही है।

ऋण वितरण के साथ-साथ सभी लाभार्थी पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों की मौके पर ही सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग की जा रही है, ताकि उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

नगर आयुक्त महोदया ने कहा कि फुटपाथ एवं रेहड़ी-पटरी विक्रेता हमारे शहर की आजीविका और स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि किसी भी पथ विक्रेता को पूंजी की कमी न हो और उन्हें बैंक या कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। हमारी टीम सीधे फील्ड और बैंक शाखाओं में पहुंचकर हर कदम पर सहयोग कर रही है।

निगम प्रशासन ने देवघर के सभी पथ विक्रेताओं से अपील की है कि वे इस लोक कल्याण मेले का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं, डिजिटल भुगतान अपनाएं और आत्मनिर्भर बनकर अपने व्यवसाय को नई दिशा दें।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822