देवघर के पथरोल थाना क्षेत्र के बघनाडीह जोरिया के पास 62 वर्षीया वृद्धा मुन्नी देवी से ₹15 हजार नकद और चांदी की सीकरी की लूट। गला घोंटकर हत्या का प्रयास और झूठे केस में फंसाने की धमकी। पढ़ें पूरी खबर।
चंदन कुमार ठाकुर, मधुपुर (देवघर)।
पथरोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बघनाडीह जोरिया के समीप 62 वर्षीया वृद्ध महिला मुन्नी देवी (पति- सुरेन नापित) के साथ हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करने, गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने इस संबंध में पथरोल थाना में नामजद आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त सूचना के अनुसार, मंगलवार (22 सितंबर 2026) की सुबह लगभग 8:30 बजे पीड़िता मुन्नी देवी अपने घर बघनाडीह से राशन का सामान खरीदने पैदल पथरोल बाजार जा रही थीं। जैसे ही वे बघनाडीह जोरिया के पास पहुँचीं, पूर्व से घात लगाकर बैठे तीन नामजद भागीरथ मांझी (55 वर्ष), दासो मांझी (54 वर्ष) एवं कार्तिक मांझी (52 वर्ष) (तीनों निवासी सिरसिया, पंचायत बघनाडीह, थाना पथरोल) ने उन्हें अकेली देखकर चाकू दिखाकर रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि भागीरथ मांझी ने जबरन उनके थैले में रखे 15,000 रुपये नकद छीन लिए जबकि दासो मांझी ने उनके गले से लगभग 5 भरी (तोला) चांदी की सीकरी झपट ली। जब वृद्धा ने इसका विरोध किया, तो कार्तिक मांझी ने अपने गमछे से उनका गला घोंटने की कोशिश की। इसी बीच सड़क से एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार के गुजरने पर तीनों आरोपी पीड़िता को बदहवास छोड़कर फरार हो गए।
भागने के दौरान आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उन्होंने थाने में शिकायत की तो वे अनुसूचित जाति (SC/ST) एक्ट का केस दर्ज कराकर पूरे परिवार को जेल भिजवा देंगे। आरोपी कार्तिक मांझी ने यह भी धमकी दी कि उसका भाई दासो मांझी पूर्व में भी देवघर में लूटपाट जैसी वारदात को अंजाम दे चुका है और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस मामले में पथरोल थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल किया, तो थाना प्रभारी द्वारा फोन नहीं उठाया गया। इस कारण उनसे संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
क्षेत्रीय लोगों एवं पीड़िता ने मांग की है कि मामले में ढिलाई बरतने के बजाय पथरोल थाना तुरंत तीनों अपराधियों के खिलाफ अविलंब प्राथमिकी दर्ज करे, छीने गए गहने व नकदी की बरामदगी करे तथा पीड़ित महिला को सुरक्षा प्रदान करे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822