पटना में 30 अफगानी और बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट बनने से सनसनी! कोतवाली के पास का है रिहायशी पता। पुलिस मुख्यालय कर रहा है हाई-लेवल जांच। पढ़िए पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
बिहार की राजधानी पटना में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने देश की सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। पटना से 30 अफगानी नागरिकों के पासपोर्ट बनवाने का खतरनाक खेल उजागर हुआ है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है। मामला बेहद गंभीर होने के कारण अब सीधे राज्य पुलिस मुख्यालय के आला अधिकारी इस पूरे सिंडिकेट की निगरानी कर रहे हैं।
कोतवाली के पास का रिहायशी पता और बांग्लादेशी कनेक्शन!
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इन सभी अफगान नागरिकों ने पटना के बेहद संवेदनशील माने जाने वाले कोतवाली थाना के समीप के एक रिहायशी पते का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाए हैं। जांच का दायरा जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस पूरे नेटवर्क में सिर्फ अफगानी ही नहीं, बल्कि दो बांग्लादेशी नागरिकों के भी नाम सामने आए हैं। इनमें से एक ने पटना का तो दूसरे ने दरभंगा का आवासीय पता देकर पासपोर्ट बनवाने की जानकारी दी है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से जैसे ही इन संदिग्धों के पासपोर्ट बनने की खुफिया जानकारी राज्य पुलिस मुख्यालय को मिली, वैसे ही पुलिस महकमे में भूचाल आ गया।
मो. सलमान खान और उसके परिवार का भी नाम शामिल
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इन अफगानी नागरिकों में मो. सलमान खान, उसकी पत्नी और उनके 7 बच्चों के नाम से भी पासपोर्ट जारी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आखिर राजधानी के बीचों-बीच विदेशी नागरिक कैसे फर्जी या संदिग्ध पतों पर भारतीय पासपोर्ट हासिल करने में कामयाब रहे? यह सवाल अब सबसे बड़ा सिरदर्द बन गया है।
सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों की हो रही है चीर-फाड़
पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देश पर अब पटना पुलिस और खुफिया एजेंसियां उन तमाम ठिकानों को खंगाल रही हैं जहां ये लोग रुके थे। पुलिस कोतवाली के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि ये लोग कब पटना आए, किससे मिले और किन रसूखदार लोगों की मदद से इन्होंने पासपोर्ट के कागजात तैयार करवाए। पुलिस अब यह भी जांच रही है कि कहीं इस पूरे खेल के पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट तो सक्रिय नहीं है?
...........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822