रेलवे में 3550 नए सहायक लोको पायलट (ALP) की बहाली होगी। दक्षिण पूर्व जोन को मिलेंगे 790 पद। जानिए आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट और मैट्रिक स्तर की भर्तियों की संभावित तिथियां भी।

कंचन क्रांति न्यूज, जमशेदपुर।

भारतीय रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे में यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए बोर्ड ने 3550 नए सहायक लोको पायलट (ALP) के पदों पर बहाली का निर्णय लिया है। रेलवे बोर्ड द्वारा इस संबंध में 29 सितंबर को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है।

 इस नई बहाली प्रक्रिया के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के चार मंडलों (जिसमें चक्रधरपुर, रांची, आद्रा और खड़गपुर शामिल हैं) को कुल 790 सहायक लोको पायलट मिलेंगे। दक्षिण पूर्व जोन में शामिल होने के कारण झारखंड और कोल्हान (जमशेदपुर) क्षेत्र के युवाओं के लिए इसमें चयन के बेहतरीन अवसर बनेंगे।


लोको पायलटों का घटेगा मानसिक और शारीरिक दबाव

'ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन' (AILRSA) लंबे समय से सहायक लोको पायलट के रिक्त पदों को भरने की मांग लगातार उठाता रहा है। जानकारों का मानना है कि रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का दबाव बढ़ने से मौजूदा लोको पायलटों पर अत्यधिक काम का बोझ बढ़ गया था। नई बहाली होने से इस दबाव में कुछ कमी आएगी और रेल परिचालन सुरक्षित व सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।

एनटीपीसी (RRB NTPC) के तहत इन पदों पर भी जल्द आएंगे विज्ञापन

रेलवे में बंपर बहाली का दौर शुरू हो चुका है। रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) की नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) के तहत युवाओं के लिए अन्य बड़े मौके भी आने वाले हैं:

ग्रेजुएट लेवल (स्नातक स्तर): 3,477 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन 6 या 7 अक्टूबर तक जारी होने की पूरी सूचना है।

मैट्रिक (10th) स्तर: एनटीपीसी के तहत मैट्रिक स्तर के 1,688 पदों की अधिसूचना 13 या 14 अक्टूबर तक जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

यूं युवाओं के लिए अक्टूबर का महीना रेलवे नौकरियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है।

 ...........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822