रायबरेली सपा कार्यालय में पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती मनाई गई। सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने उन्हें साहस और सामाजिक न्याय की मिसाल बताया।


  • सपा कार्यालय में मनाई गई पूर्व सांसद की जयंती, कार्यकर्ताओं ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
  • अन्याय के खिलाफ विद्रोह और सामाजिक न्याय की बुलंद आवाज थीं फूलन देवी

 

रविशंकर सिंह, रायबरेली। सुपर मार्केट स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि पूर्व सांसद फूलन देवी का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की एक अमिट मिसाल था। वे अन्याय के विरुद्ध विद्रोह, आत्मसम्मान और सामाजिक न्याय की बुलंद आवाज थीं। परिस्थितियों और अत्याचार के कारण वे चंबल के बीहड़ों में बागी बनने को मजबूर हुईं और अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए देश भर में चर्चित रहीं। बाद में उन्होंने कानून के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

 

समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गिरजाशंकर लोधी ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के विशेष प्रयासों से फूलन देवी जेल से बाहर आईं और मुख्यधारा की राजनीति में शामिल हुईं। इसके बाद उन्होंने मिर्जापुर लोकसभा सीट से भारी बहुमत से जीत दर्ज कर संसद में पीड़ितों की आवाज उठाई।

 

आयोजन के दौरान शशिकांत शर्मा, सुरेश निर्मल, राजेंद्र यादव, राजेश मौर्य, अरशद खान, सुरजीत सिंह और गंगा सागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

.............................................................................

 फूलन देवी जयंती, समाजवादी पार्टी रायबरेली, वीरेंद्र यादव सपा, मुलायम सिंह यादव, Phoolan Devi Birth Anniversary, Raebareli SP News