चतरा के पिपरवार में मंगलवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से अपराधी विकास घायल हो गया, जिसे अस्पताल भेजा गया है। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है।
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में मंगलवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में कुख्यात राहुल दुबे गिरोह का एक सक्रिय अपराधी विकास गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायल अपराधी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को पिपरवार इलाके में राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की, तो खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस बल पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और गोलियां चलाईं। इस जवाबी कार्रवाई में गिरोह का अपराधी विकास पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
मुठभेड़ की इस घटना के बाद चतरा पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर आ गई है। फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पिपरवार और आसपास के जंगलों व संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) चलाया जा रहा है।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। घायल अपराधी से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी योजनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822