रायबरेली में सेफ सिटी योजना के तहत शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 99.66 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है। 30 प्रमुख स्थानों पर 100 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे और जलकल परिसर में कंट्रोल रूम बनेगा।

 रविशंकर सिंह, रायबरेली।

शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर पालिका ने 'सेफ सिटी' योजना के तहत 99.66 लाख रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजा है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद शहर के 30 प्रमुख स्थानों पर कुल 100 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन सभी कैमरों की मॉनिटरिंग नगर पालिका के जलकल परिसर में बनने वाले कंट्रोल रूम से की जाएगी।

कंट्रोल रूम की खासियतें

जलकल परिसर में स्थापित होने वाले इस कंट्रोल रूम में आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम, रिकॉर्डिंग स्टोरेज और रियल-टाइम अलर्ट की सुविधा होगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।

इन प्रमुख स्थानों पर लगेंगे कैमरे

सुरक्षा के लिहाज से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम, जेल रोड, रायबरेली विकास प्राधिकरण मोड़, एफजी कॉलेज चौराहा, सब्जी मंडी, डबल फाटक अंडरपास, रेलवे स्टेशन बहराना साइड, राजकीय कॉलोनी चौराहा, जोशियाना पुल, खिन्नीतला, एम्स गेट, चंपा देवी मंदिर, सुरजूपुर हनुमान मंदिर, मधुबन क्रॉसिंग, राही बाईपास प्रवेश, डीएम आवास चौराहा और कैपरगंज समेत कुल 30 स्थानों को चिन्हित किया गया है।

 गंदगी फैलाने वालों पर भी रहेगी नजर

इन कैमरों की मदद से केवल सुरक्षा और ट्रैफिक ही नहीं, बल्कि शहर में गंदगी फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। बार-बार नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और 'डोर-टू-डोर' कूड़ा कलेक्शन योजना की भी निगरानी की जाएगी।

महिलाओं, बच्चों और नागरिकों की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह योजना बेहद कारगर साबित होगी। बजट मिलते ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।

 - स्वर्ण सिंह, ईओ, नगरपालिका परिषद, रायबरेली

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822