रायबरेली में 5 फर्जी कंपनियां बनाकर 100 से अधिक निवेशकों से 1 करोड़ से अधिक की ठगी। कोर्ट के आदेश पर दिल्ली के एक ही परिवार के 8 लोगों समेत 15 पर एफआईआर दर्ज।

 

रविशंकर सिंह, रायबरेली:

रायबरेली जिले में पांच फर्जी कंपनियां बनाकर 100 से अधिक निवेशकों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के आदेश के बाद मिल एरिया थाना पुलिस ने शनिवार को दिल्ली निवासी एक ही परिवार के 8 सदस्यों समेत 15 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

 

फर्जी कंपनियों का जाल और ठगी का तरीका

मिल एरिया थाना क्षेत्र के बरखापुर निवासी पीड़ित शिकायतकर्ता दिलीप कुमार के अनुसार, आरोपियों ने धोखाधड़ी के उद्देश्य से 'पशुधन लाइव एंड स्टॉक एंड मार्केटिंग इंडियन लिमिटेड' नाम से पहली कंपनी बनाई। इसके बाद जालसाजी को बड़ा रूप देने के लिए चार अन्य कंपनियां खड़ा की गईं:

1.    पीएलएम इंडिया लिमिटेड

2.    पीएलएम सेल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड

3.    पशुधन कॉरपोरेट सोसाइटी लिमिटेड

4.    पशुपति म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड

 

इन सभी कंपनियों का पंजीकृत कार्यालय दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-15 में दिखाया गया था। निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने कंपनी के शेयर बॉन्ड जारी किए, जिन पर शेयरधारकों और निदेशकों के बाकायदा हस्ताक्षर थे। कंपनियों के मुख्य संचालक नीलम गुप्ता और शिवजी गुप्ता (निदेशक एवं प्रबंध निदेशक) थे। आरोप है कि शिवजी गुप्ता निवेशकों से सीधे नकद राशि भी वसूलते थे। अवधि पूरी होने के बाद जब निवेशकों की जमा पूंजी वापस नहीं मिली, तब ठगी का खुलासा हुआ।

 

इन आरोपियों पर दर्ज हुई एफआईआर

अदालत के सख्त रुख के बाद पुलिस ने दिल्ली निवासी शिवजी गुप्ता, नीलम गुप्ता, विकास प्रभाकर, शंकर गुप्ता, गीता गुप्ता, ममता कुमारी, विमला गुप्ता, जीतू गुप्ता, सविता सिंह और सोनू गुप्ता के अलावा मिर्जापुर निवासी असेंद्र सिंह व रमेश कुमार बिंद, प्रयागराज निवासी धर्मेंद्र सिंह व जितेंद्र कुमार बिंद तथा रायबरेली के जरिया निवासी भारत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

 

पुलिस का बयान

मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अदालत के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़ित पक्ष को बयान दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822