रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर 10 हमलावरों द्वारा चार लोगों की पिटाई का मामला। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार। पूरी खबर पढ़ें।

कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली।

 जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के डंडे मजरे उद्रेठी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों की कायराना करतूत सामने आई है। लगभग 10 हमलावरों ने एक घर में घुसकर महिला समेत चार लोगों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि स्थानीय पुलिस ने घटना के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की और न ही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। थक-हारकर पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।

 

सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई की वारदात

पीड़िता राजकुमारी ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति सुरेंद्र रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। घर पर वह अपनी सास सुबेधा, ससुर बच्चूलाल और ननद निशा के साथ रहती हैं। आरोप है कि बीती 6 सितंबर को गांव का ही एक युवक अपने 10 साथियों के साथ उनके घर में जबरन घुस आया। आरोपियों ने पहले गालियां दीं और फिर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट की यह पूरी खौफनाक वारदात पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है।

 

पुलिस पर अनदेखी और आरोपियों के हौसले बुलंद होने का आरोप

पीड़िता का कहना है कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय थाने में लिखित तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस ने न तो आरोपियों पर कोई एक्शन लिया और न ही पीड़ितों का मेडिकल कराया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की इस निष्क्रियता के कारण हमलावरों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार जानमाल की धमकी दे रहे हैं।

 

मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर सख्त कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया है।

रिपोर्ट रविशंकर सिंह

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822