रायबरेली में पॉलीटेक्निक के पास 33 केवीए लाइन पर पेड़ गिरने से अटौरा बुजुर्ग उपकेंद्र के 80 गांवों की बिजली 7 घंटे गुल रही। ऊंचाहार में खंभा गिरने से 16 घंटे आपूर्ति ठप।

 

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 

पावर कॉरपोरेशन द्वारा हर माह अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्य कराने के बड़े-बड़े दावों की हवा निकल गई है। हल्की बारिश और हवा चलते ही शहर से लेकर गांव तक बिजली संकट गहरा जाता है। बुधवार सुबह तेज हवा व बारिश के चलते पॉलीटेक्निक के पास 33 केवीए लाइन पर विशाल पेड़ गिर गया, जिससे अटौरा बुजुर्ग उपकेंद्र से जुड़ी बिजली आपूर्ति सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक पूरी तरह ठप रही। इस कारण 80 गांवों को 7 घंटे तक बिना बिजली के भीषण उमस में रहना पड़ा।

 

अटौरा बुजुर्ग उपकेंद्र से पहाड़पुर खेड़ा, सोहड़ा और नकफुलहा समेत आठ फीडर जुड़े हैं। बिजली गुल होने से क्षेत्र की विशाल आबादी प्रभावित रही। स्थानीय ग्रामीण बबलू द्विवेदी, जय प्रकाश और बबलू गुप्ता ने बताया कि बारिश के बाद बढ़ी उमस में बिजली न रहने से जीना दुश्वार हो गया। मामले में उपखंड अधिकारी पीएस राना ने बताया कि लाइन पर पेड़ गिरने की वजह से खराबी आई थी, जिसे दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

 

दूसरी ओर, ऊंचाहार के जमुनापुर उपकेंद्र से जुड़ी 11 केवीए लाइन का एक बिजली का खंभा बुधवार को गिर गया, जबकि दो खंभे टेढ़े हो गए। इससे 20 गांवों की लगभग 30 हजार आबादी को 16 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। ग्रामीण अजय सिंह व मुकेश जायसवाल ने बताया कि 15 दिन पहले ही टेढ़े खंभों की शिकायत विभाग से की गई थी, लेकिन लापरवाही बरती गई। आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम की चेतावनी देने के बाद जागे विभाग ने खंभा ठीक कराया। अधिशासी अभियंता उमेश कुमार ने पुष्टि की कि खंभे को सही कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। 

…………………………………………………………………………………………………………………………

 

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822