रायबरेली में जांच के दौरान रेडबुल एनर्जी ड्रिंक का नमूना मिसब्रांड मिलने पर एडीएम प्रशासन ने निर्माता कंपनी पर 2 लाख और बेकरी संचालक पर 25 हजार का जुर्माना लगाया है। जानिए पूरा मामला।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
विधि विश्लेषक प्रयोगशाला की जांच में प्रसिद्ध एनर्जी ड्रिंक 'रेडबुल' का नमूना मिसब्रांड पाए जाने पर एडीएम प्रशासन की अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने मुंबई स्थित रेडबुल एनर्जी ड्रिंक की निर्माता कंपनी पर दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है। इसके साथ ही स्थानीय विक्रेता और बेकरी संचालक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया है।
एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने मुकदमे की पूरी सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। उन्होंने आदेश दिया कि निर्माता और विक्रेता दोनों एक माह के भीतर जुर्माने की राशि जमा करें, अन्यथा तहसील के माध्यम से वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
खाद्य सुरक्षा अधिकारी स्वाती सिंह ने 10 मई 2018 को रायबरेली शहर के कैपरगंज स्थित 'अनमोल बेकरी' से रेडबुल एनर्जी ड्रिंक का नमूना लिया था और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में नमूना मिसब्रांड पाया गया, जिसके बाद एडीएम प्रशासन के न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया गया।
सुनवाई के दौरान एडीएम कोर्ट ने सभी पक्षों को सुना और साक्ष्यों के आधार पर निर्माता व विक्रेता दोनों को दोषी करार दिया। कोर्ट ने मुंबई के अंधेरी-कुर्ला रोड (चकाला) स्थित निर्माता कंपनी 'रेडबुल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' पर दो लाख रुपये और अनमोल बेकरी के संचालक विनोद कुमार हसानी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
बादशाह नमकीन के विक्रेता पर भी 25 हजार का जुर्माना
एक अन्य मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी नमकीन बेचने वाले दुकानदार पर भी शिकंजा कसा है। 10 दिसंबर 2021 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने दरियाशाह गौरा स्थित हरिशंकर की दुकान से 'बादशाह नमकीन' का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था।
प्रयोगशाला की जांच में नमकीन का नमूना फेल हो गया, जिसके बाद एडीएम प्रशासन की कोर्ट में वाद दायर किया गया। मुकदमे की सुनवाई पूरी होने पर एडीएम कोर्ट ने दुकानदार हरिशंकर को दोषी पाते हुए उस पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। इसे भी एक माह के अंदर जमा करने का आदेश दिया गया है, न करने पर वसूली की जाएगी।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822