दुर्गा पूजा और छठ महापर्व पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर और रांची से स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। हालांकि, बिहार और मुंबई रूट पर वेटिंग लिस्ट से यात्री अब भी परेशान हैं। पूरी खबर पढ़ें।
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा से लेकर छठ महापर्व तक यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने टाटानगर और रांची स्टेशनों से होकर कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से जूझ रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
संचालित होने वाली प्रमुख स्पेशल ट्रेनों में संतरागाछी-अजमेर स्पेशल 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर तक चलेगी। इसके साथ ही रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 03 अक्टूबर से 29 दिसंबर तक चलाई जाएगी। वहीं शालीमार-चर्लपल्ली (चारलापल्ली) स्पेशल: 02 अक्टूबर से 27 नवंबर तक (ट्रेन संख्या 08045) और संतरागाछी-नाहरलगुन स्पेशल: 02 अक्टूबर से 28 नवंबर तक चलेगी।
एक तरफ जहां नई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा हुई है, वहीं दूसरी तरफ टाटानगर से मुंबई, दिल्ली, बिहार और दक्षिण भारत जाने वाले प्रमुख मार्गों पर स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। साउथ बिहार एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और गीतांजलि एक्सप्रेस जैसी नियमित ट्रेनों में अभी से 'नो रूम' और लंबी वेटिंग लिस्ट की स्थिति है।
6 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक मुंबई जाने वाली सभी ट्रेनों की हर श्रेणी में सीटें फुल या वेटिंग पर हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते नई दिल्ली जाने वाली दैनिक ट्रेनों में भी यात्रियों को कंफर्म सीट पाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
इधर, झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने दक्षिण पूर्व रेलवे जोन पर कोल्हान और चक्रधरपुर मंडल की उपेक्षा करने का गंभीर आरोप लगाया है। यात्रियों का कहना है कि टाटानगर जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण कमर्शियल स्टेशन से मांग के अनुरूप पर्याप्त स्पेशल ट्रेनें न मिलने से यात्रियों में रोष है। इस संबंध में डीआरएमसी (DRMC) के समक्ष औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई जा चुकी है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822