अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने तीन दिवसीय बैठक के समापन पर बताया कि संग्रहालय की सभी गैलरियों की स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दे दिया गया है। संग्रहालय में श्रीराम के वनगमन से जुड़ी देश की प्रमुख नदियों का विशेष प्रदर्शन होगा। इसकी शुरुआत सरयू नदी से होगी और समापन गुप्तार घाट पर केंद्रित रहेगा।
उन्होंने बताया कि राम मंदिर निर्माण की कुल लागत पहले से अनुमानित 1600 से 1800 करोड़ रुपये के बीच रहने की संभावना है, जबकि संग्रहालय पर अलग से करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नृपेंद्र मिश्र ने राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या घटने की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शनार्थियों की कोई कमी नहीं है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं से नियमित संवाद के दौरान किसी प्रकार की बड़ी शिकायत सामने नहीं आई है।
बैठक में संग्रहालय के साथ-साथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। निर्माण एजेंसियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी भविष्य की व्यवस्थाओं को लेकर समिति के साथ विचार-विमर्श किया।
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि 22 जुलाई को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक प्रस्तावित है। इसमें राम मंदिर के सीईओ की नियुक्ति, समितियों और उपसमितियों के भविष्य सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट के पदेन सदस्यों को मतदान का अधिकार नहीं होता। साथ ही कहा कि सीईओ की नियुक्ति होने के बाद उनके स्टाफ की नियुक्ति भी ट्रस्ट की मंजूरी और निगरानी में ही की जाएगी।

