जमुई पहुंचे राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने एनकाउंटर, समान नागरिक संहिता (UCC) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

ए. आलम, जमुई:

राजद के वरिष्ठ नेता सह मनेर विधायक भाई वीरेंद्र के जमुई पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने बिहार सरकार, कानून व्यवस्था, समान नागरिक संहिता (UCC) और चुनाव आयोग के मुद्दों पर तीखा हमला बोला।

एनकाउंटर और कानून व्यवस्था पर सवाल

नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़खानी और अपराध के मामलों पर बोलते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि मंदार पर्वत (बांका) से लेकर समस्तीपुर तक घटनाएं हुईं, लेकिन सरकार ने हर जगह एक जैसी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि जमुई में हुई घटना के बाद सिर्फ एक जाति विशेष को टारगेट कर 'हाफ एनकाउंटर' किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती, और अपराध करने वाले हर शख्स पर बिना भेदभाव के कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

माइनर की पहचान उजागर होने के मामले पर उन्होंने कहा कि राजद नेतृत्व की मांग का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री पर भी पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, जीतन राम मांझी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने उन्हें मानसिक रूप से बीमार करार दिया।

UCC और नीतीश कुमार पर बयान

समान नागरिक संहिता (UCC) का विरोध करते हुए भाई वीरेंद्र ने दो टूक कहा कि इसे किसी भी हाल में लागू नहीं होने दिया जाएगा। इसके खिलाफ सड़क से सदन तक कड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, यूसीसी पर नीतीश कुमार के रुख को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने दावा किया कि उनकी नीतीश कुमार से अंदरूनी बातचीत हुई है, और यदि वे दो बार आ चुके हैं तो एक बार और आ जाएं तो कोई गुनाह नहीं है।

मुख्य चुनाव आयुक्त पर तीखा प्रहार

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला बोलते हुए राजद विधायक ने उन्हें बीजेपी का कैडर करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के अन्य आयुक्तों की राय के बिना फैसले लिए जा रहे हैं। भाई वीरेंद्र ने कड़े शब्दों में मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करते हुए उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822