राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर कैलाश पॉटरी के पास बाइक और साइकिल की आमने-सामने टक्कर में साइकिल सवार महावीर उरांव की मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल।

 

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, राजमहल:

तीनपहाड़-राजमहल मुख्य मार्ग पर कैलाश पॉटरी के समीप सोमवार देर शाम एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुन्नी टोला निवासी सुफियान शेख (25), बिस्मिल्लाह शेख (24) और सजरुल शेख (27) एक ही बाइक पर सवार होकर कोयला बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा (तुतीपुर) से राजमहल की तरफ आ रहे साइकिल सवार महावीर उरांव (50) से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि महावीर उरांव की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के वक्त वहां से गुजर रही राजमहल थाना की गश्ती पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को स्थानीय वाहनों की मदद से अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद डॉ. कुमार सौरभ ने प्राथमिक जांच के बाद महावीर उरांव को मृत घोषित कर दिया। घायलों में सुफियान और बिस्मिल्लाह की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया है।

 

हादसे की खबर मिलते ही एसआई महादेव उरांव, अनिल कुमार और ओमप्रकाश चौहान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना की सूचना पाकर नगर पंचायत उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई और घायलों के त्वरित इलाज के लिए जरूरी प्रबंध करवाए।

 

मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

 

राजमहल सड़क हादसा, तीनपहाड़ राजमहल मार्ग दुर्घटना, साइकिल बाइक टक्कर राजमहल, राजमहल पुलिस, अनुमंडल अस्पताल राजमहल, सड़क दुर्घटना झारखंड

 

...........................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822