रोहतास के रामडीहरा में विश्वकर्मा जुलूस के दौरान डंपर ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर। हादसे में 2 की मौत, 5 घायल। रात में पथराव के बाद परिजनों ने किया डेहरी-रोहतास मार्ग जाम।
डेहरी (रोहतास): अमझौर थाना क्षेत्र स्थित रामडीहरा स्टेशन के पास विश्वकर्मा पूजा के जुलूस के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मूर्ति ले जा रहे ट्रैक्टर में एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामडीहरा गांव से निकला जुलूस जैसे ही मुख्य सड़क पर स्टेशन के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही अमझौर थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। मृतकों में से एक की पहचान तिलौथू थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है।
रातभर बवाल, पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हादसे के बाद से ही उग्र परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों शवों को डेहरी-रोहतास मुख्य मार्ग पर रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। हंगामा शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने रात में पथराव कर दिया, जिसमें जिला पुलिस बल का एक जवान और एक होमगार्ड जवान घायल हो गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। एसडीएम नीलेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और परिजनों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।