सेल (SAIL) कर्मचारियों के लिए दुर्गापूजा से पहले बोनस का ऐलान हो गया है। नई दिल्ली में एनजेसीएस की बैठक के बाद कर्मचारियों को 32,000 रुपये और प्रशिक्षुओं को 25,600 रुपये बोनस देने पर सहमति बन गई है।
कंचन क्रांति न्यूज, धनबाद।
सेल (SAIL) कर्मचारियों के लिए दुर्गापूजा से पहले बोनस का रास्ता साफ हो गया है। नई दिल्ली में गुरुवार को लंबी चली एनजेसीएस (NJCS) की बैठक के बाद कर्मचारियों को 32,000 रुपये और प्रशिक्षुओं (Trainees) को 25,600 रुपये बोनस देने पर अंतिम सहमति बन गई है। प्रबंधन और विभिन्न यूनियन नेताओं के बीच करीब पांच घंटे चली मैराथन बैठक, तीखी बहस और कई दौर के प्रस्तावों के बदलाव के बाद यह समझौता हुआ। सभी यूनियन प्रतिनिधियों ने समझौते के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
40 हजार से अधिक की मांग से शुरू हुई थी वार्ता
गुरुवार दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई एनजेसीएस की बैठक में सभी यूनियनों ने पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बोनस देने की जोरदार मांग उठाई। सीटू (CITU) की ओर से पक्ष रखते हुए ललित मोहन मिश्र ने साल 2022 में दिए गए 40,000 रुपये से अधिक बोनस का हवाला देते हुए इस बार 40,500 रुपये बोनस देने की मांग रखी। अन्य यूनियनों ने भी सेल के वित्तीय प्रदर्शन और कर्मचारियों के योगदान का हवाला देते हुए फॉर्मूले से अधिक राशि देने की वकालत की। गौरतलब है कि पिछले साल (2025) कर्मचारियों को 29,000 रुपये बोनस मिला था।
30,109 के प्रस्ताव से बढ़कर 32 हजार तक पहुंची राशि
बैठक की शुरुआत में प्रबंधन की ओर से फॉर्मूले के आधार पर 30,109 रुपये बोनस और प्रशिक्षुओं के लिए 24,960 रुपये देने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे यूनियन नेताओं ने खारिज कर दिया। इसके बाद राशि को बढ़ाकर 31,200 रुपये करने का प्रस्ताव आया, लेकिन बात नहीं बनी।
मामला लंबा खिंचने पर निदेशक कार्मिक केके सिंह ने सेल के सीएमडी डॉ. एके पंडा से विचार-विमर्श किया। इसके बाद प्रबंधन की ओर से 32,000 रुपये और प्रशिक्षुओं के लिए 25,600 रुपये का संशोधित अंतिम प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सभी पक्षों की सहमति बन गई। हालांकि, सूत्रों के अनुसार सीटू ने बोनस के मुद्दे पर कुछ मतभेदों के चलते संयुक्त हस्ताक्षर से अलग रुख अपनाया।
बैठक में कौन-कौन रहा मौजूद?
इस अहम बैठक में प्रबंधन की ओर से डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह, डायरेक्टर कमर्शियल टीएन नटराजन, सीजीएम फाइनेंस पवन अग्रवाल व अन्य अधिकारी शामिल हुए। वहीं यूनियन की तरफ से बीएमएस के रंजय कुमार, इंटक के संजीवा रेड्डी व बीएन चौबे, एटक के विद्या सागर गिरी व रामाश्रय प्रसाद, सीटू के ललित मिश्रा, तथा एचएमएस के वाडेकर और राजेंद्र सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सेल कर्मियों को दुर्गा पूजा से पूर्व 32 हजार रुपए बोनस मिलेगा, जबकि प्रशिक्षुओं को 25,600 रुपये दिए जाएंगे। बोनस को लेकर एनजेसीएस की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
- रामाश्रय प्रसाद सिंह, एनजेसीएस सदस्य, एटक
सेल प्रबंधन की ओर से 32 हजार बोनस पर सहमति बन गई है। प्रबंधन के अनुसार पूजा से पूर्व कामगारों के बैंक खातों में राशि भेज दी जाएगी।
- रंजय कुमार, एनजेसीएस सदस्य, बीएमएस
...........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822