स्टार प्लस के शो 'इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो' में रिश्तों और शादी पर खुलकर बात हुई। अनिल कपूर ने सुनीता के साथ शादी को अपनी ज़िंदगी का सबसे बेहतरीन फैसला बताया।
मुंबई। क्या एक रिश्ते को उम्र भर निभाने के लिए शादी ज़रूरी है? और यदि कोई सिंगल रहकर खुश है, तो क्या उसे शादी करने के लिए दबाव महसूस करना चाहिए? स्टार प्लस के पॉपुलर शो 'इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो' के आगामी एपिसोड में प्यार, रिश्तों और शादी को लेकर कुछ ऐसे ही दिलचस्प और गहरे सवाल उठने वाले हैं। शो के दौरान जब प्रतिभागी अपनी ज़िंदगी के अनुभव साझा करते हैं, तो बॉलीवुड के आइकॉनिक एक्टर अनिल कपूर भी इस चर्चा में खुलकर शामिल होते हैं।
बिना शादी के 35 साल का रिश्ता और सिंगल रहने की आज़ादी
पुणे से आए सुमीत मेलवानी शो में बताते हैं कि वे पिछले 35 साल से एक मज़बूत रिश्ते में हैं, लेकिन उन्होंने और उनकी पार्टनर ने कभी शादी नहीं की। उन्हें अपने इस रिश्ते को कोई नाम देने की ज़रूरत महसूस नहीं हुई। वहीं, बड़ौदा के रोचक सक्सेना सिंगल रहकर अपनी आज़ादी और खुद के लिए मिलने वाले समय का आनंद ले रहे हैं। उनका साफ कहना है कि वे सिर्फ परिवार की इच्छा पूरी करने के लिए शादी के बंधन में नहीं बंधना चाहते।
सुनीता के साथ शादी पर क्या बोले अनिल कपूर?
रिश्तों पर बात करते हुए अनिल कपूर का नज़रिया बेहद खास रहा। अपनी पत्नी सुनीता के साथ बिताए सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा, मैं यह नहीं कह सकता कि यह कोई गलती थी या सिर्फ एक अच्छा फैसला... मुझे लगता है कि सुनीता से शादी करना मेरी ज़िंदगी का सबसे बेहतरीन फैसला था।
इसी बीच, गुजरात के शुभम बालांडे ने अपनी एक अनोखी ख्वाहिश साझा करते हुए कहा कि यदि वे शो में एक करोड़ रुपए जीतते हैं, तो अपनी पत्नी से दोबारा धूमधाम से शादी करेंगे और उन्हें दूसरे हनीमून पर ले जाएँगे। शुभम की इस बात ने अनिल कपूर का ध्यान खींच लिया। अनिल कपूर ने पुराना संस्मरण साझा करते हुए बताया कि शादी के बाद सुनीता अकेले ही हनीमून पर चली गई थीं, क्योंकि वे उस समय अपनी शूटिंग में व्यस्त थे। शुभम की बात सुनकर अनिल मज़ाक में कहते हैं, आपने मुझे बढ़िया आइडिया दिया है कि हनीमून दोबारा भी प्लान किया जा सकता है!
बिना शादी के दशकों लंबा रिश्ता निभाने वाले सुमीत से लेकर अपनी पत्नी से दोबारा सात फेरे लेने की इच्छा जताने वाले शुभम तक, इस शो के नए एपिसोड में दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ रिश्तों की एक अलग ही गहराई देखने को मिलेगी। इस शो को स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देख सकते हैं।
...........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822