घटना की जानकारी देते बुजुर्ग दंपती
घर में घुसकर बदमाशों ने 25 वर्षीय महिला नीतू देवी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पुलिस भूमि विवाद और प्रेम-प्रसंग के एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र के महेशपुर नहर के समीप बुधवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय एक महिला को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। गोली महिला की पीठ में लगी है। जख्मी महिला की पहचान महेशपुर गांव निवासी नीतू देवी के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने एक बदमाश की बाइक मौके से जब्त कर ली है।
गृहस्वामी 79 वर्षीय नेपाली साह ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार की देर रात अपनी पत्नी के साथ बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा और बहू नीतू अंदर कमरे में थे। इसी दौरान अचानक 6 से 7 हथियारबंद बदमाश घर में आ धमके।
बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। तीन बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को असलहे के बल पर बंधक बना लिया। अन्य बदमाशों ने अंदर कमरे का दरवाजा धक्का देकर तोड़ दिया। बदमाशों ने कमरे में घुसकर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली सीधे नीतू देवी की पीठ में जा लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में जख्मी महिला को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) फलका पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल नीतू देवी का इलाज पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
वारदात की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-टू सुनील कुमार शर्मा और प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार सुमन सदलबल मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने मौके से भाग रहे एक बदमाश की बाइक भी बरामद कर ली है।
प्राथमिक जांच में हमले के दो मुख्य कारण सामने आ रहे हैं। गृहस्वामी नेपाली साह ने गांव के ही कुछ लोगों के साथ चल रहे पुराने भूमि विवाद को इस हमले की मुख्य वजह बताया है। वहीं, दूसरी ओर स्थानीय लोगों में दबी जुबान से यह चर्चा भी है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे कोई प्रेम-प्रसंग का मामला हो सकता है।
सडसर एसडीपीओ-टू सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822