राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को निगरानी टीम ने 16 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जमीन के कागजात सुधारने के नाम पर ले रहा था रिश्वत। पढ़ें पूरी खबर
अरवल। बिहार के अरवल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने अरवल अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को 16 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद से अंचल कार्यालय के कर्मियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान जमीन से संबंधित दस्तावेजों को दुरुस्त (सही) करने के एवज में परिवादी से लगातार पैसों की मांग कर रहा था। पीड़ित व्यक्ति रिश्वत देने में असमर्थ था और उसने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से कर दी थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी टीम ने एक योजना बनाई। योजना के तहत, जैसे ही राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान ने बैदराबाद बाजार के ओझा बिगहा स्थित एक मकान में रिश्वत के 16 हजार रुपये लिए, पहले से मुस्तैद निगरानी की विशेष टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
निगरानी टीम की इस सुबह-सुबह की अचानक कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे में सनसनी फैल गई। अरवल अंचल कार्यालय और आसपास के इलाकों में तैनात अन्य कर्मियों में भी खौफ का माहौल देखा जा रहा है। निगरानी टीम आरोपी कर्मचारी को अपने साथ लेकर पूछताछ कर रही है और उसके ठिकानों पर अन्य मामलों की भी जांच-पड़ताल की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822