देवघर के लालगढ़ स्कूल में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा। एचएम पर हाजिरी बनाकर भागने, एमडीएम में धांधली और चुनाव में गड़बड़ी का आरोप। जानिए पूरी खबर।
चंदन कुमार ठाकुर, मधुपुर (देवघर)।
देवघर जिले के करों प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय लालगढ़ में विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) के चुनाव को लेकर ग्रामीणों और प्रधानाध्यापक के बीच विवाद गहरा गया है। स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब 30 सितंबर 2026 को विद्यालय परिसर में चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव पर्यवेक्षक और भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए, लेकिन प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही विवाद की भेंट चढ़ गई।
हेडमास्टर पर हाजिरी बनाकर गायब रहने का गंभीर आरोप
स्थानीय ग्रामीण सनाउल शेख ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक सुबह स्कूल आते हैं, केवल रजिस्टर में हाजिरी (अटेंडेंस) बनाते हैं और तुरंत गायब हो जाते हैं। इसके बाद वे सीधे छुट्टी के वक्त लौटते हैं और दोबारा दस्तखत कर चले जाते हैं। वहीं रूपा देवी ने दुख जताते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप है और मास्टर साहब का आना-जाना सिर्फ कागजों तक सीमित है।
चुनाव में धांधली और धमकियों का आरोप
ग्रामीण गौतम रजवार ने सीधा आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक जानबूझकर माहौल बिगाड़ते हैं और हर बार चुनाव को स्थगित करवा देते हैं। विरोध करने पर हेडमास्टर ने ग्रामीणों को खुलेआम धमकी दी कि तुम लोगों को स्कूल के अंदर घुसने नहीं देंगे।
एमडीएम (MDM) में धांधली और दुर्घटना पर असंवेदनशीलता
विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना (MDM) की बदहाली पर पर्दाफाश करते हुए ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को मेनू के अनुसार पौष्टिक खाना देने के बजाय बिस्कुट और चनाचूर थमाकर खानापूर्ति कर दी जाती है। हद तो तब हो गई जब हाल ही में स्कूल का एक बच्चा दुर्घटनाग्रस्त (एक्सीडेंट) हो गया और अभिभावक जब इसकी शिकायत करने पहुंचे, तो हेडमास्टर ने सहानुभूति दिखाने के बजाय पल्ला झाड़ते हुए कह दिया- गलती तुम्हारे बच्चे की ही है।
प्रधानाध्यापक की सफाई

इस पूरे मामले पर जब 'कंचन क्रांति' के प्रतिनिधि ने प्रधानाध्यापक से उनका पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। हेडमास्टर ने सफाई देते हुए कहा कि “आरोप पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद हैं। जब ग्रामीण खुद उपस्थित नहीं होंगे तो हम क्या कर सकते हैं?”
ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, अविलंब तबादले की मांग
हेडमास्टर की मनमाने रवैये और लगातार चुनाव टालने की नीयत से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दागी प्रधानाध्यापक का अविलंब तबादला किया जाए, ताकि विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और मासूम बच्चों का भविष्य सुधर सके।
...........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822