मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर के भीम बांध ईको-पर्यटन क्षेत्र का भ्रमण किया और आदिवासी समाज के लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को विकास कार्यों के लिए दिए निर्देश।

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले लोकप्रिय भीम बांध ईको-पर्यटन क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर आदिवासी समुदाय के लोगों में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने 'मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जिंदाबाद' के नारे लगाकर उनका स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज के लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। स्थानीय आदिवासियों ने क्षेत्र में सड़क संपर्क, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, उच्च विद्यालय की स्थापना, कृषि के लिए सिंचाई हेतु नहरों का निर्माण और सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी आवश्यकताओं की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने उनकी सभी बातों को सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार आदिवासी समुदाय के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इन सभी विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर गन्ना उद्योग मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री संजय कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, सांसद अरुण भारती, विधायक कुमार प्रणय, विधायक मनीष कुमार और पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा प्रशासनिक स्तर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित तमाम वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व आदिवासी समुदाय के लोग उपस्थित थे।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822