देवघर श्रावणी मेला 2026: नगर निगम ने गंदगी फैलाने वाले 'चारपाई रेस्टोरेंट' पर 20,000 रुपये का जुर्माना लगाया। नगर आयुक्त ने सख्त चेतावनी दी है कि दोबारा लापरवाही बरतने पर प्रतिष्ठान का ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।


कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के दौरान देवघर नगर निगम क्षेत्र और कांवरिया पथ पर साफ-सफाई तथा स्वच्छता व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार, मेला क्षेत्र में गंदगी फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ निरंतर औचक निरीक्षण व दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में आज मेला क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना ने स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने पर 'चारपाई रेस्टोरेंट' के संचालक पर 20,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाया।


मुख्य सड़क पर कचरा फेंकने पर हुई कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि चारपाई रेस्टोरेंट के ठीक सामने कचरे का बड़ा ढेर लगा हुआ था। जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी से स्पष्ट हुआ कि रेस्टोरेंट प्रबंधन द्वारा रोज निकलने वाला गीला व सूखा कचरा डस्टबिन में रखने के बजाय सीधे मुख्य सड़क पर ही फेंक दिया जाता था। इस लापरवाही के कारण पूरे इलाके में बदबू और गंदगी का आलम बना हुआ था।


स्वच्छता सर्वोपरि, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: नगर आयुक्त

कार्रवाई के दौरान नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना ने सख्त लहजे में कहा कि राजकीय श्रावणी मेला में स्वच्छता सर्वोपरि है। सभी होटल, भोजनालय व व्यावसायिक प्रतिष्ठान अनिवार्य रूप से दोहरे डस्टबिन (गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग) का उपयोग करें तथा कचरा केवल नगर निगम के वाहनों या निर्धारित डंपिंग पॉइंट पर ही डालें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी दुकानदार या प्रतिष्ठान बाबा की नगरी को गंदा करने का प्रयास करेगा, तो बिना किसी रियायत के सीधे जब्ती और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। दोबारा गलती पाए जाने पर संबंधित दुकान का ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।

.......................................................................................,..

Shravani Mela 2026 Deoghar, Deoghar Nagar Nigam News, Deoghar Cleanliness Campaign, Charpai Restaurant Deoghar Fine, Sulochana Meena IAS, Saurabh Kumar Bhuwania Deoghar, Kawar Yatra Cleanliness, Kanchan Kranti Bureau Deoghar, Deoghar News