राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा मंदिर प्रांगण, रूटलाइन और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और सेवा भाव से ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
■ बाबा मंदिर प्रांगण, क्यू कॉम्प्लेक्स, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक और बीएड कॉलेज रूट का लिया जायजा
■ उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं व जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता परखी
■ प्रतिनियुक्त अधिकारियों व पुलिस बल को सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं का सहयोग करने का निर्देश
■ सूचना केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस ओपी और अमानत घर के कर्मियों को 24 घंटे एक्टिव रहने की हिदायत
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रविवार अहले सुबह उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र का औचक व सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाबा मंदिर प्रांगण, प्रमुख रूटों, पुलिस चौकियों और प्रशासनिक शिविरों का जायजा लिया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य देवघर आने वाले कांवरियों और भक्तों को सुरक्षित व बाधारहित वातावरण उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने तिवारी चौक, बीएड कॉलेज, शिवराम झा चौक और क्यू कॉम्प्लेक्स जैसे महत्वपूर्ण रूटलाइन्स का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार व्यवस्था को निरंतर सुचारू रखा जाए, ताकि किसी भी मोड़ या चौक पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
कंट्रोल रूम से अत्याधुनिक कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग
उपायुक्त बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम पहुंचे और वहां बड़ी स्क्रीन तथा अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र, कांवरिया रूट, जलार्पण कतार और विभिन्न चौराहों की स्थिति की लाइव मॉनिटरिंग की। उन्होंने तकनीकी कर्मियों को हिदायत दी कि भीड़ के दबाव और कतार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि कहीं भी गति धीमी होने पर रिस्पांस टीम को तुरंत सक्रिय किया जा सके।
स्वास्थ्य केंद्र और अमानत घरों का लिया जायजा

स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल के लिए उपायुक्त ने बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया। साथ ही केंद्र में जीवन रक्षक दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर और आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा, उन्होंने मंदिर के आसपास स्थित सूचना सह सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह और अमानत घर (क्लॉक रूम) की व्यवस्था देखी। आगामी सोमवारी को ध्यान में रखते हुए मातृत्व विश्राम गृह में माताओं और शिशुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने और अमानत घरों में कांवरियों के सामान की पुख्ता सुरक्षा के निर्देश दिए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस ओपी का निरीक्षण
मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने संवेदनशील स्थानों पर बने पुलिस आउटपोस्ट (ओपी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों को मुस्तैद रहने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला में ड्यूटी केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों और पुलिस जवानों को सेवा भाव से श्रद्धालुओं का सहयोग करने का निर्देश दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्त देवघर से सुखद अनुभव लेकर लौटें।
इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
......................................................................................................
राजकीय श्रावणी मेला 2026, देवघर न्यूज़, बाबा मंदिर जलार्पण, देवघर उपायुक्त, सौरभ कुमार भुवानिया, कांवरिया रूट, श्रावणी मेला सुरक्षा व्यवस्था
