देवघर में राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, सफाई और वज्रपात से बचाव के कड़े निर्देश दिए गए।


कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाबा नगरी आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बेहतर समन्वय के साथ काम करते हुए सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के पूर्वानुमान को देखते हुए मंदिर प रिसर, नेहरू पार्क और सभी प्रमुख होल्डिंग पॉइंट्स पर कड़ाई से भीड़ प्रबंधन लागू करने का निर्देश दिया गया है। संपूर्ण रूट लाइनिंग में बैरिकेडिंग दुरुस्त रखने और शहर के प्रवेश मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे मुस्तैद रहने की हिदायत दी गई।


बिजली, पानी और सफाई की 24 घंटे व्यवस्था

मेला क्षेत्र, होल्डिंग पॉइंट्स और मंदिर प्रांगण में निर्बाध बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल और स्वच्छ शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का जिम्मा संबंधित विभागों को सौंपा गया है। पूरे मेला क्षेत्र में कचरा उठाव 24 घंटे नियमित अंतराल पर करने का निर्देश दिया गया है ताकि स्वच्छता बनी रहे।


वज्रपात सुरक्षा और आपदा प्रबंधन

संभावित बारिश और वज्रपात के खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन के तहत एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। विशेषकर शिवगंगा, मंदिर प्रांगण और खुले रूट लाइनिंग में वज्रपात से बचाव के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। इसके अलावा बाह्य अर्घा से जलार्पण व्यवस्था को और अधिक व्यावहारिक बनाने तथा पार्वती मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी (बाबा बैद्यनाथ मंदिर) रवि कुमार सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

................................................................................................

श्रावणी मेला 2026, देवघर समाचार, दूसरी सोमवारी जलार्पण, बाबा बैद्यनाथ मंदिर, देवघर उपायुक्त बैठक, क्राउड मैनेजमेंट देवघर